![]() |
| माँ |
अथाह विस्तृत अंबर माँ।
निर्मल शीतल निर्झर माँ।।
मीठे पय का दरिया माँ।
सुख सागर का जरिया माँ।।
गहरा अतल समंदर माँ।
स्वर्ण प्रभा -सी खर है माँ।।
निंदिया का स्वप्न बिछौना माँ।
बचपन का मेरे खिलौना माँ।।
बच्चों की रक्षा कवच माँ ।
मिथ्या से जग में सच माँ।।
मंजिल की ओर जाती डगर माँ।
योद्धाओं सी निडर माँ।।
सुख सौख्य का खज़ाना माँ।
संगीतमय तराना माँ।।
परमेश्वर की अनुकंपा माँ।
खुशबू में जूही चंपा माँ।।
जगती के कण -कण में माँ।
मेरे जीवन के हर क्षण में माँ।।
कोटि- कोटि वंदनीय माँ।
शत -शत प्रणाम मेरी नमनीय माँ।।
